Latest:
local newsछत्तीसगढ़पर्व - त्यौहार

11 से 17 अगस्त तक जिले में उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा स्वतंत्रता सप्ताह

वर्तमान भारत / जशपुर

कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में हर घर तिरंगा अभियान की उत्साहपूर्वक तैयारी की जा रही है। जिले में महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से झण्डा संहिता द्वारा निर्धारित मापदण्ड के अनुसार ध्वज तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। समूह की महिलाएं ध्वज की सिलाई कार्य में सतत लगी हुई हैं। कलेक्टर कार्यालय में समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित तिरंगा का स्टाल के माध्यम से विक्रय हेतु उपलब्ध कराया गया है। साथ ही सभी जनपदों में कार्यक्रम की सफलता हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी कड़ी में आज नगर पंचायत बगीचा में टीम जय हो, नेहरू युवा केन्द्र, राजीव युवा मितान क्लब एवं रानी दुर्गावती महिला मंडल बगीचा के द्वारा लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार कुनकुरी नगर पंचायत में जनजागरूकता हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर अग्रवाल ने हर नागरिक के मन में राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और बढ़ाने, मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रीयता की भावना संवर्धित करने हेतु सभी जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में अपनी सहभागिता निभाने एवं अभियान को सफल बनाने की अपील की है।