Latest:
Event More News

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के स्वागत में खड़े रहना पड़ा महंगा…पत्थलगांव जनपद सीईओ को पद से हटाया गया…पढ़ें पूरी खबर

अम्बिकापुर । वर्तमान भारत ।

गजाधर पैकरा की रिपोर्ट

अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) वर्तमान भारत। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के स्वागत में भाजपाइयों के साथ खड़े रहना पत्थलगांव जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय सिंह को महंगा पड़ गया है। सोशल मीडिया पर तस्वीर प्रसारित होने के पश्चात शिकायत राज्य सरकार तक पहुंची थी। आखिरकार राज्य शासन ने पत्थलगांव जनपद के सीईओ संजय सिंह को आदिम जाति विकास विभाग के रायपुर स्थित आयुक्त कार्यालय में वापस बुला लिया है।

जानकारी के अनुसार संजय सिंह को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण शाव के स्वागत में उन्हें सामने देखा गया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद अरुण साव प्रथम बार सरगुजा और बलरामपुर के दौरे पर आए हुए थे। उसी दौरान उनका सरगुजा की सीमा तारा से लेकर अंबिकापुर तक भिन्न-भिन्न जगहों पर स्वागत किया गया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर जो तस्वीरें सामने आई थी। उनमें संजय सिंह का चेहरा साफ नजर आ रहा था।

बताया जा रहा है कि तारा में सरगुजा बीजेपी जिला अध्यक्ष ललन सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज के साथ बड़ी संख्या में बीजेपी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने अरुण साव की अगवानी की थी। इस कार्यक्रम में पत्थलगांव जनपद सीईओ संजय सिंह भी शामिल हुए थे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के बगल में भी खड़े थे। उनका स्वागत भी किया था।

सोशल मीडिया के माध्यम से यह तस्वीर सामने आने के पश्चात शिकायत शासन स्तर तक पहुंच गई थी। आरोप यह लगा था कि जनपद पंचायत पत्थलगांव सीईओ संजय सिंह का झुकाव भाजपा की ओर है, और वे खुले तौर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ राज्य में प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में शासकीय अधिकारी के शामिल होने को सरकार ने भी गंभीरता से लिया।

यही कारण है कि उन्हें जनपद पंचायत पत्थलगांव मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से हटा दिया गया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में उन्हें आदिम जाति विकास विभाग की आयुक्त कार्यालय रायपुर में सलंग्न करने का उल्लेख है। संजय सिंह उत्तर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के बेहद करीबी हैं। उनकी रिश्तेदारी भी बीजेपी नेताओं से है।