Latest:
Event More News

संत बनकर जालसाज ने ठगे 15 लाख

रायपुर । वर्तमान भारत ।

रायपुर के डीडीनगर की एक महिला से एक जालसाज ने संत बनकर 15 लाख ठग लिए जिसे पुलिस ने राजस्थान के अलवर में छापेमारी कर पकड़ लिया है ,मगर पुलिस आरोपी से सिर्फ 80 हजार ही जब्त कर सकी। जबकि केवल डेढ़ महीने पहले ही वह पैसे लेकर फरार हुआ था। उसने महिला को तांबे के बिस्किट को सोना बताकर पैसे लिए थे। पुलिस के अनुसार डीडीनगर निवासी गोपा शर्मा पिछले दो साल से आरोपी संत के झांसे में थे।

महिला को साधू संतों पर गहरा विश्वास है। इस वजह से वह आदेश दास उदासी उर्फ भगत सिंह उर्फ भक्ति सिंह का आदर करती थी। वह पिछले दो साल से उनके घर आता जाता था। वह महिला को सिद्ध किए हुए रूद्राक्ष और तांबे के सिक्के आदि दिया करता था। इसके बदले वह आर्थिक मदद करती थी। 6 मार्च को उदासी दास का महिला को फोन आया। उसने बताया कि उनके 106 वर्षीय गुरुजी का निधन हो गया है।उनके सोने के आभूषण हैं। उसने महिला से कहा कि दो किलो सोने के बदले में वे उसे 15 लाख दें, ताकि आश्रम का नवीनीकरण किया जा सके। 18 मार्च को महिला अपने पति के साथ नागपुर गई। वहां उदासी दास ने तांबे के बिस्किट को सोना बताकर दिखाया और महिला को लाल कपड़े में लपेट कर दे दिया। इसके बदले में 15 लाख ले लिए। महिला जब रायपुर आई तब उसने फिर कॉल किया और कहा कि 10 दिन कपड़ा खोलकर न देखे।

इससे सोने की सिद्धि पर असर पड़ेगा। एक-दो दिन बाद ही महिला को शक हुआ। उसने सोने की जांच करवायी तब हकीकत सामने आई। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच के बाद पुलिस को राजस्थान के अलवर का पता मिला। आरोपी के पकड़े जाने के बाद खुलासा हुआ कि वह एक अन्य के साथ जालसाजी करता था। उसका साथी फरार है।