Latest:
Event More News

“इस्तीफा दिया नहीं जाता, ले लिया जाता है”…डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम का बड़ा बयान,बोले- सीएम के कहने पर…पढ़ें पूरी खबर

गजाधर पैकरा की रिपोर्ट

रायपुर।वर्तमान भारत। छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले सत्ता और संगठन में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम ने गुरुवार को सीएम भूपेश बघेल को अपना इस्तीफा दे दिया है।

बता दें कि, त्यागपत्र देने के बाद डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम का एक बाद बयान सामने आया है। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि “इस्तीफा दिया नहीं जाता, ले लिया जाता है।”

डॉ टेकाम ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर उन्होंने अपना त्यागपत्र दिया है। टेकाम ने यह भी कहा कि वे पार्टी के निर्देश पर काम करते रहेंगे।

इस्तीफे के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डॉ टेकाम ने कहा कि उनसे इस्तीफा मांगा गया था, जिसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा सीएम भूपेश बघेल को भेज दिया है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का जो आदेश होता है, उसके मुताबिक काम करना होता है।

शिक्षा मंत्री रहे टेकाम ने कहा कि किसे मंत्री बनाना है और किसे नहीं, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है। पार्टी के निर्देश के अनुसार वो आगे काम करेंगे।

बता दें कि बुधवार को कांग्रेस ने बड़ा बदलाव करते हुए बस्तर सांसद दीपक बैज को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति किया था। पार्टी ने मोहन मरकाम की जगह उन्हें पदेश कांग्रेस की बागडोर सौंपी है।

दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सत्ता और संगठन में तालमेल के साथ ही डैमेज कंट्रोल में भी जुटी है।

हाल ही में कांग्रेस के केंद्रीय संगठन ने मंत्री टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देकर उनकी नाराजगी को कम करने की कोशिश की है।

संगठन में होगा बदलाव

इधर, अगले कुछ दिनों में कांग्रेस संगठन में बदलाव किए जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्‍यक्ष बदले जाने के बाद जल्द ही प्रदेश महामंत्री व उपाध्‍यक्ष समेत कुछ अन्य पदों पर बदलाव किया जा सकता है।

ताजा अपडेट के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्‍कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। सीएम ने प्रेमसाय टेकाम का इस्तीफा स्वीकार करने के साथ ही राज्यपाल को अनुशंसा के साथ पत्र भेजा है।