Latest:
Event More News

Chandra Grahan 2023 : 5-6 मई को लगेगा चंद्र ग्रहण…आपके लिए शुभ या अशुभ…इन 5 राशियों को रहना होगा सावधान…अन्य के लिए कैसा रहेगा?…जाने राशिफल

लेख : गजाधर पैकरा

Chandra Grahan 2023 -: साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण 5-6 मई 2023 को लगने जा रहा है। चंद्र ग्रहण की स्थिति तब निर्मित होती है। जब सूर्य और चंद्रमा के बीच पृथ्वी आ जाती है। इस स्थिति में सूर्य की रोशनी चंद्रमा पर नहीं पहुंच पाती। क्योंकि पृथ्वी की छाया उसे ढक लेती है। इस घटना को चंद्रग्रहण कहते हैं। साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण 5 मई की रात्रि में लगेगा जो कि 6 मई तक चलेगा।

इस चंद्रग्रहण की खास बात यह होगी कि यह एक उपछाया चंद्रग्रहण होगा। यह चंद्रग्रहण उपछाया होने के साथ-साथ पुर्ण भी नहीं होगा। क्योंकि इस चंद्र ग्रहण के दौरान पृथ्वी की छाया लगभग 95% चंद्रमा को ही ढक पाएगी। उपछाया चंद्रग्रहण को पूर्ण चंद्रग्रहण नहीं माना जाता है। इसलिए सभी धार्मिक कार्य विधि विधान के साथ किए जा सकते हैं।

यह उपछाया चंद्रग्रहण मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर, हिंद महासागर, अंटार्कटिका और अटलांटिक महासागर से दिखाई देगा।

भारत के समय के अनुसार उपछाया 5 मई 2023 को चंद्रग्रहण रात्रि 8:45 बजे से प्रारंभ होगा और रात्रि 1बजे (6 मई प्रातः 1:00 बजे) तक चलेगा। तो इस उपछाया की कुल अवधि 4 घंटे 15 मिनट की होगी।

हिंदू धर्म के अनुसार चंद्रग्रहण एक धार्मिक घटना भी है। जिसका धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व माना जाता है। जो चंद्रग्रहण नग्न आंखों से ना देखा जा सके,उसका धार्मिक महत्व नहीं माना जाता। इसलिए केवल उपछाया वाले चंद्र ग्रहण का ना तो सूतक मान्य होता है, और ना ही कोई धार्मिक मान्यता होती है। इसलिए इस चंद्र ग्रहण के दौरान सभी धार्मिक कर्मकांड आराम से किए जा सकते हैं। यह चंद्रग्रहण तुला राशि और स्वाति नक्षत्र में लगने जा रहा है। इसका आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा,आइए जानते हैं…

मेष राशिफल

मेष राशि के सप्तम भाव पर ग्रहण का प्रभाव रहने से गृहस्थ जीवन में समस्याएं आ सकती है। मानसिक तनाव बढ़ने की संभावना है। धन हानि से बचने के लिए संभव प्रयास करें। दुर्घटनाओं से बचने की कोशिश करें। और व्यापार में कोई बड़ा रिस्क ना लें।

वृष राशिफल

वृषभ राशि के छठे भाव में ग्रहण होने से सेहत का ध्यान रखें। आर्थिक रूप से लाभ होगा और रुके हुए कार्य भी पूरे होने लगेंगे। मुकदमा और वाद-विवाद में विजय मिलेगी। जल्दबाजी में कोई फैसला ना करें। नौकरी में लाभ मिलेगा।

मिथुन राशिफल

मिथुन राशि के पंचम भाव में ग्रहण लगेगा। अपनी बुद्धि को सही स्थान पर रखने की कोशिश करें। एकाग्रता को बढ़ाने के लिए कोशिश करें। किसी की बातों में आकर कोई गलत फैसला ना लें।

कर्क राशिफल

कर्क राशि के चौथे भाव में ग्रहण का प्रभाव रहेगा। परिवार में सुख शांति का ध्यान रखें। माताजी के स्वास्थ्य को भी नजरअंदाज ना करें। आप को शिक्षा के क्षेत्र में ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। किसी प्रकार का स्थान परिवर्तन का योग बन सकता है। परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

सिंह राशिफल

सिंह राशि के तीसरे भाव में ग्रहण लगेगा। प्रयासों में कमी रहेगी। कार्यक्षेत्र में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार में रुकावट दूर हो जाएंगी। धन संबंधी मामलों में अच्छी खबर प्राप्त होगी। भाइयों और बहनों के साथ संबंधों पर ध्यान देना होगा। यात्रा में सावधानी रखें।

कन्या राशिफल

कन्या राशि के दूसरे भाव में ग्रहण होने से धन लाभ के योग बनेंगे। परिवार में खुशियों का आगमन होगा। किसी को अपना धन उधार देने से बचें। उसके लौटने की उम्मीद बहुत कम रहेगी। सेहत का ध्यान रखें। किसी से उल्टा-सीधा ना बोलें।

तुला राशिफल

तुला राशि में ही ग्रहण लगने से सेहत का खास ध्यान रखें। मानसिक और शारीरिक समस्याएं परेशान कर सकती हैं। दुर्घटनाओं से बचने पर ध्यान दें। किसी की भी जमानत देने से बचें। अपयश की स्थिति से बचने का प्रयास करें।

वृश्चिक राशिफल

वृश्चिक राशि के द्वादश भाव में चंद्र ग्रहण का प्रभाव रहने से मानसिक तनाव रहेगा। आंखों से संबंधित समस्या हो सकती है। पारिवारिक समस्याओं के प्रति सावधानी रखें। धन और संपत्ति को सोच समझकर खर्च करें। विवाहित लोगों को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। विदेश यात्रा के दौरान सावधानी रखें।

धनु राशिफल

धनु राशि के एकादश भाव में ग्रहण का प्रभाव होने से धन संपत्ति का लाभ होगा। जीवन में यश और मान सम्मान बढ़ेगा। पुरानी इच्छाएं पूरी होंगी। रुके हुए कार्य में सफलता मिलेगी। धनधान्य की बढ़ोतरी होगी। अचानक से लाभ मिल सकता है।

मकर राशिफल

मकर राशि की दशम भाव में ग्रहण का प्रभाव होने से कार्यक्षेत्र में सावधानी बरतें। रुके हुए महत्वपूर्ण कार्य बनने लगेंगे। लेकिन बड़े फैसला लेने से बचकर रहें। अपने कर्मों के प्रति सचेत रहें और सही दिशा में आगे बढ़े। पिताजी के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

कुंभ राशिफल

कुंभ राशि के नवम भाव में ग्रहण का प्रभाव होने से माता-पिता दोनों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अपनी भी सेहत को नजरअंदाज ना करें। कार्य के बीच में आराम भी करें। लंबी यात्राओं से बचें। तीर्थ यात्रा के योग बनेंगे। महत्वपूर्ण कार्यों में रुकावट आ सकती है।

मीन राशिफल

मीन राशि के जातकों के लिए अष्टम भाव में ग्रहण का प्रभाव होने से स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। ना केवल अपना, बल्कि अपनी माता जी के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। परिवार के अन्य सदस्यों की स्वास्थ्य पर भी इसका विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। मानसिक कष्ट रहेगा। धन हानि हो सकती है।

डिस्क्लेमर-:

यहां दी गई समस्त जानकारी सामान्य मान्यताओं एवं जानकारियों पर आधारित है.इसकी “वर्तमान भारत” पुष्टि नहीं करता है.इससे संबंधित ज्योतिषियों तथा विशेषज्ञों की सलाह लें।