Latest:
Event More News

हरेली त्योहार के लिए समूह की महिलाओं ने बनायी सुंदर आकर्षक गेड़ियां, सी-मार्ट में है उपलब्ध

रिपोर्ट : इरफान सिद्दीकी

अम्बिकापुर 14 जुलाई 2023/ राज्य शासन के निर्देशानुसार हरेली तिहार के लिए विशेष रूप से बांस की गेडियां तैयार करवाई गयीं हैं जिसे विक्रय के लिए सी मार्ट में रखा गया है। हरेली का त्यौहार प्रदेश में 17 जुलाई को मनाया जाएगा। हरेली तिहार में गेड़ी चढ़ने की परंपरा है, इस दिन लोग गेड़ी चढ़कर सभी ग्रामीण वर्षा ऋतु का स्वागत करते है एवं खुशियां मनाते हैं। गेड़ी का निर्माण लगभग दो मीटर के दो बांस से किया जाता है, एक और बांस को बीच से फाड़कर दो भागों में बांटा जाता है और उसे रस्सी से जोड़कर पउवा बनाया जाता है, पउवा असल में पैरदान होता है।
जिले के आवर्ती चराई केंद्र हर्राटिकरा के आशा स्व सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा गेड़ी बनाई गई है। गेड़ी हेतु 120 रुपए का मूल्य निर्धारित किया गया है। यहां खरीदी करने आए लोग गेड़ी के प्रति आकर्षित हो रहे हैं, लोगों ने कहा कि यह पहली बार है कि हमें मार्केट में बनी बनायी गेड़ी मिल रही है। इससे पहले हम स्वयं गेड़ी बनाते थे, परन्तु आज यहां सुंदर आकर्षित गेड़ी हमें मिली, इससे त्योहार का उत्साह दोगुना हो गया है। उल्लेखनीय है कि हरेली तिहार में गेड़ी का विशेष महत्व है, ग्रामीण अंचलों में घरों-घर गेड़ी बनायी जाती है, पूजा-अर्चना के बाद बच्चे तथा युवा गेड़ी चढ़कर त्योहार का आनंद लेते हैं।