Latest:
विविध

पंजाब और छत्तीसगढ़ में धान की हेराफेरी रोकने हाई अलर्ट जारी , पंजाब में अब तक 6हजार क्विंटल धान जप्त

वर्तमान भारत । नेशनल ।

इरफान सिद्दीकी ( उप संपादक)

‘पंजाब और छत्तीसगढ़ में धान खरीदी में प्रति वर्ष करोड़ों की हेराफेरी होती है। पंजाब और छत्तीसगढ़ अब धान स्मगलिंग का अड्‌डा बनते जा रहे हैं। पंजाब की मंडियों में धान उत्तरप्रदेश, बिहार और राजस्थान से तो छत्तीसगढ़ में ओडिशा, झारखंड और महाराष्ट्र से सस्ते दामों पर चोरी-छिपे लाकर बेचने का धंधा खूब फल-फूल रहा है।

इसका कारण यह है कि यूपी, बिहार, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड और महाराष्ट्र में सरकारी एजेंसियां कम धान खरीदती हैं, जबकि पंजाब और छत्तीसगढ़ में सरप्लस धान की खरीद होती है। करोड़ों रुपए के इस खेल में स्थानीय आढ़ती, मिलर, मंडियों और विपणन विभाग के अधिकारी तक शामिल हैं। हालांकि, बाहरी राज्यों से अवैध धान लाने और बेचने पर नकेल कसने के लिए इस बार पंजाब खाद्य व आपूर्ति विभाग ने 150 सदस्यों की स्कवायड टीम का गठन किया है, जो बाहरी राज्यों से आने वाले अनाज से भरे ट्रकों पर पल-पल नजर रखे हुए हैं। 2021 में अब तक 21 ट्रक से करीब 6 हजार क्विंटल धान पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने 13 एफआईआर दर्ज कर 22 आरोपी भी गिरफ्तार किए हैं। पटियाला में सबसे ज्यादा मामले दर्ज होते हैं। बीते साल अकेले पंजाब में 45 हजार क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया था।

छत्तीसगढ़:अगले महीने से धान खरीदी लेकिन छापेमारी-जब्ती अभी से शुरू


छत्तीसगढ़ में धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू होनी है। पड़ोसी राज्यों के की तुलना में यहां अधिक एमएसपी पर खरीदी होती है, इसलिए महाराष्ट्र के विदर्भ के किसान राजनांदगांव, ओडिशा के किसान गरियाबंद, झारखंड के किसान सूरजपुर आकर अपना धान बेचते हैं। इसमें बिचौलियों की बडी भूमिका होती है। इसे रोकना सीमावर्ती जिलों के लिए चुनौती रहती है। इसकी निगरानी के लिए थानेदारों के साथ पुलिस अधीक्षक तक अलर्ट में रहते हैं। छापेमारी कर बिचौलियों के गोदामों से धान की जब्ती शुरू हो गई है। शुक्रवार को गरियाबंद में चार ट्रैक्टर मे भरे 447 बोरी धान को जब्त किया गया।

खरीदी का खेल…

यूपी, बिहार, राजस्थान, ओडिशा और झारखंड में सरकारी एजेंसियां कम धान खरीदती हैं, जबकि पंजाब व छत्तीसगढ़ में सरप्लस खरीदी।
करोड़ों रुपए की हेराफेरी में स्थानीय आढ़ती से लेकर मिलर, मंडी और विपणन विभाग के अधिकारी तक शामिल रहते है ।