local news

उन्नत खेती किसानी से हिरालाल मरकाम और हंतुराम नेताम हो रहे लाभान्वित ,उड़द की खेती से 75 से अधिक हो रही आमदनी

आशीष यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव 20 जनवरी 2023/ छत्तीसगढ़ राज्य में निरंतर दलहन फसलों के रकबे और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राज्य सरकार भी इन फसलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित कर रही है ताकि किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर धान के साथ-साथ दलहन फसलों का भी उत्पादन कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकें। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का सपना है कि राज्य का किसान हर तरह से सक्षम हो साथ ही किसी भी तरह के उत्पाद के लिए छत्तीसगढ़ की निर्भरता अन्य राज्यों से धीरे-धीरे खत्म हो। छत्तीसगढ़ राज्य धान के अलावा अब दलहन फसलों में भी देश में अपना अलग पहचान बना रहा है। राज्य के किसान भी दलहन फसलों का उन्नत तकनीक से खेती करते उत्पादन कर अपनी आय को दोगुना कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्य दलहन फसलों में चना, तिवरा, मटर, मसूर, मूंग, उड़द, कुल्थी सहित अन्य फसलें शामिल हैं।


कोण्डागांव जिले में भी दलहन फसलों के अंतर्गत उड़द के उत्पादन को बढ़ावा देने एवं उन्नत किस्म के बीजों के उत्पादन हेतु शासन द्वारा टारगेटिंग साइज फॉलो एरिया (टारफा) योजनांतर्गत किसानों को उन्नत किस्म के बीज एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है। पहले कृषकों के पास उड़द की उन्नत किस्म के बीज एवं तकनीकी मार्गदर्शन के अभाव के कारण लागत अधिक तथा उत्पादन कम होता था। टारफा योजना के तहत किसानों को दलहन फसल प्रदर्शन हेतु उन्नत किस्म के बीज तथा कृषि अधिकारियों द्वारा समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है। जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ कृषकों की आय में वृद्धि हो रही है, इसके साथ ही साथ भूमि की उर्वरा शक्ति में भी सुधार हुआ है।
कोण्डागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम डोहलापारा के प्रगतिशील किसान हिरालाल मरकाम एवं हंतुराम नेताम योजना का लाभ लेते हुए मक्का के साथ-साथ उन्नत तकनीकी से उड़द की खेती कर रहे हैं।