Latest:
PoliticsPopular NewsTrending Newsछत्तीसगढ़जानकारीविविध

Breaking Jashpur : जशपुर के बगिया सीएम कैंप के जनदर्शन में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़ेंगे CM साय…विकास व समस्या के निराकरण की होगी त्वरित कार्यवाई…पढ़ें पूरी खबर


बगिया/जशपुरनगर :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गृहग्राम बगिया में स्थित सीएम कैंप में रोजाना आयोजित होने वाला जनदर्शन में मुख्यमंत्री साय भी वीडियों कांफ्रेंस के माध्यम से आनलाइन शामिल होगें।

बता दें कि, सोमवार को मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय के जन्म दिवस पर इस सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस वीडियों कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री के साथ जिले के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होगे।

फिलहाल, जनदर्शन में आने वाली समस्या और मांगों के त्वरित निराकरण में सहायता मिल सकेगी। मंगलवार को सीएम कैंप में आयोजित जनदर्शन में 29 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पत्थलगांव ब्लाक के झिंगरेल में लो वोल्टेज की समस्या भी शामिल है। सीएम कैंप ने पत्थलगांव के डीई को इस समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है।

उल्लेखनीय है कि, जशपुर जिले के कुनकुरी के विधायक विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य सरकार ने बगिया को सीएम कैंप का दर्जा दिया है। बीते 3 माह से यहां प्रतिदिन जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। प्रवास में रहने के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं जनदर्शन में शामिल होकर जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का निराकरण करते हैं। सीएम कैंप के माध्यम से अब तक जशपुर सहित पूरे प्रदेश में 200 से अधिक मरीजों को सहायता पहुंचाई जा चुकी है।



वीसी सुविधा से जुड़ा सीएम कैंप

ज्ञात हो कि, जनता की सुविधा के लिए बगिया स्थित सीएम कैंप में लगातार सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के अनुसार इस कैंप को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। ताकि दूरदराज से समस्या और मांग लेकर आने वाले लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके। इसी के तहत अब कैंप कार्यालय को वीडियो कांफ्रेंस से जोड़ दिया गया है। इससे अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर से सीधे इंटरनेट के माध्यम से जुड़कर लोगों से चर्चा करेगें। इस वीसी में कलेक्टर सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होगें। कैंप में आने वाले आवेदकों की समस्या और मांगों को सुनकर तत्काल निराकृत करने का प्रयास किया जाएगा।

झिंगरेल के ग्रामीण पहुंचे बगिया

बता दें कि, मंगलवार को बगिया में पत्थलगांव ब्लाक के झिंगरेल गांव के रहवासी पहुंचे। उन्होनें बताया कि गांव में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ सिंचाई के अभाव में खेती किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है। कई बार विद्युत विभाग का ध्यान आकृष्ट कराए जाने के बाद भी समस्या दूर नहीं हो पाई है। सीएम कैंप ने पत्थलगांव के डीई सुरेश खाखा को तत्काल आवश्यकतानुसार नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया है।

सीएम मैडम के जन्म दिवस पर झूमें स्कूली बच्चे

दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय के जन्मदिन के अवसर पर बगिया में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कौशल्या साय वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े और सीएम कैम्प में पहुंचे लोगों से चर्चा की। मुख्यमंत्री की माताश्री जसमनी देवी ने कार्यक्रम में जुटे स्कूली बच्चों को स्कूल बैग उपहार में देकर उनका मुंह मीठा कराया।