local newsNatioal NewsPopular Newsघर परिवारछत्तीसगढ़जानकारीजुर्मधोखाधड़ीविविध

Jashpur CRIME : मानव तस्करी…अमीर आदमी से विवाह और अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देना महिला को पड़ा भारी…दो किशोरी तथा एक किशोर का 3 लाख में तय हुआ था सौदा…आरोपित महिला गिरफ्तार…पढ़ें पूरी समाचार



तपकरा/जशपुरनगर :- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल्ली में अमीर आदमी से विवाह और अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन किशोरों को मानव तस्करी का शिकार बनाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में दो आरोपित फरार है। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

फिलहाल यह पूरा मामला, तपकरा थाना क्षेत्र के एक गांव के 65 वर्षीय बुजुर्ग ने 18 अप्रैल को अपने तीन नातियों के घर से बिना बताएं लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया था उसके बेटे का एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद उसकी बहू ने दूसरा विवाह कर लिया था। उसके दो नातिन और एक नाती इन दिनों प्रार्थी के भाई के पास रहा करते थे। 12 अप्रैल को वह बकरी चराकर घर वापस लौटा तो तीनों बच्चे घर में नहीं मिले। उसकी बहू ने बताया कि बिना किसी को बताए बच्चे कहीं चले गए हैं।

इस पर उसने गांव में पतासाजी कि तो कुछ लोगों ने तीनों बच्चों को एक रिश्तेदार के साथ स्कूटी में बैठकर जाते हुए देखा था। लेकिन जब उसने उस महिला से संपर्क किया तो उसने बच्चों के बारे में किसी प्रकार की जानकारी होने से साफ मना कर दिया। मामले में तपकरा पुलिस ने धारा 363 के अंर्तगत अपहरण का अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की।

बता दें कि, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले की जांच और लापता हुए किशोरों को बरामद करने के लिए बगीचा की एसडीओपी निमिषा पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित किया। टीम मामले की तह तक पहुंचने के लिए संदिग्धों से लगातार पूछताछ करती रही। अंततः तीनों किशोरों को पुलिस ने अंबिकापुर से बरामद कर लिया। पूछताछ में पीड़ित किशोरों ने बताया कि घटना दिनांक से दो दिन पूर्व उनकी रिश्तेदार आरोपित महिला उनके घर में आई थी और घर में बिना किसी को सूचित किए उन्हें अपने साथ लेकर अपने घर आई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपित महिला ने पीड़ितों को 2 दिन अपने साथ रखने के बाद 12 अप्रैल को स्कूटी से दोनों बहनों को उनके घर तपकरा क्षेत्र स्थित घर लाकर पिता की मृत्यु का पैसा मिलने और बड़े घर में शादी कराने का झांसा देकर अपने जाल में फांस लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित महिला ने तीनों भाई-बहन को स्कूटी में बैठाकर तपकरा आई और उन्हें 500 रूपये देकर कुनकुरी, कांसाबेल से अंबिकापुर होते हुए मध्यप्रदेश के छतरपुर ले गई। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि यहां आरोपित महिला ने दोनों किशोरियों को अच्छे घर में शादी करने और दिल्ली में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर एक घर में बंधक बना लिया।

दरअसल, यहां एक अज्ञात व्यक्ति से किशोरियों का विवाह कराने का प्रयास भी किया। लेकिन किशोरियों के राजी ना होने से आरोपितों के इरादे सफल नहीं हुए। इस दौरान लापता किशोरों के बरामद के लिए जशपुर पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से डरकर आरोपित महिला ने तीनों किशोरों को छतरपुर से अंबिकापुर लाकर छोड़ दिया था। यहां से पुलिस ने उन्हें बरामद कर,संरक्षित किया है।

तीन लाख में तय हुआ था सौदा

फिलहाल, मानव तस्करी के इस मामले में गिरफ्तार आरोपित महिला ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसने दोनों किशोरियों का 3 लाख में सौदा किया था। दोनों किशोरियों को शादी का झांसा देकर उन्हें बेचना चाहती थी। लेकिन किशोरियों के विवाह के लिए राजी ना होने और पुलिस के दबाव के कारण वह सफल नहीं हो सकी। इस मामले में पीड़ितों के बयान और आरोपित महिला के कबूलनामा के आधार पर तपकरा पुलिस ने आरोपित महिला और उसके दो फरार साथियों के विरूद्व धारा 363, 365, 366 (क), 368,120 (बी) और 370 के अंर्तगत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार महिला को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

“मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद मानव तस्करी का बड़ा मामला उजागर होने की संभावना है”- शशि मोहन सिंह,पुलिस अधीक्षक जशपुर