Latest:
Event More News

घटिया क्वालिटी और अवैध भंडारण किए 109 बोरी धान जब्त:खरीदी केंद्रों से 44 बोरी और व्यापारियों के गोदाम से 65 बोरी धान जब्त

गैरेला – पेंड्रा – मरवाही । वर्तमान भारत ।

रामाशंकर जायसवाल ( प्रांतीय ब्यूरो चीफ) को रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ के गौरेला – पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में धान खरीदी को लेकर बिचौलियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर अधिकारियों ने 109 बोरी धान जब्त किया। धान खरीदी केंद्र में खपाने के लिए घटिया क्वालिटी का 44 बोरी धान शनिवार को जब्त किया गया। जबकि शुक्रवार को पेंड्रा के अड़भार और सकोला गांव में व्यापारियों के यहां 65 बोरी धान को जब्त किया गया।

जैसा कि सभी को ज्ञात है धान खरीदी का आखिरी दौर चल रहा है। ऐसे में बड़े पैमाने पर धान खपाने की शिकायतें मिलने के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों को चेकिंग बढ़ाने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।छापामार कार्रवाई के दौरान अवैध भंडारण पाए जाने पर 109 बोरी धान जब्त किया गया। इसमें धान खरीदी केन्द्रों में 44 बोरी और व्यापारियों के गोदाम से 65 बोरी धान मिला है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य, राजस्व, कृषि एवं मंडी बोर्ड की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की।

व्यापारियों के गोदाम से भी धान हुआ जब्त।

व्यापारियों के गोदाम से भी धान हुआ जब्त।

धान खरीदी केंद्र लालपुर में गुणवत्ताहीन और मिश्रित होने के कारण 22 बोरी धान और धान खरीदी केंद्र मेढुका में गुणवत्ताहीन, बदरंग और मिश्रित होने के कारण 22 बोरी धान जब्त कर मंडी प्रबंधक के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा अवैध भंडारण पाए जाने पर ग्राम सकोला में व्यापारी संतोष कुमार गुप्ता के यहां से 50 बोरी धान और ग्राम अड़भार में व्यापारी शरद कुमार के गोदाम से 15 बोरी धान जब्त किया गया।

अमानक धान जब्त।

अमानक धान जब्त।

11 जनवरी को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अभिलेख से ज्यादा धान भंडारण और अमानक स्तर के धानों की बिक्री की रोकथाम के लिए कार्रवाई की गई थी। राजस्व, खाद्य, कृषि एवं कृषि मंडी बोर्ड के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में अमानक एवं अवैध भंडारण पाए जाने पर कुल 688 क्विंटल धान जब्त किया गया। इनमें धान उपार्जन केंद्र धनौली में अमानक पाए जाने पर 7 किसानों के 444.80 क्विंटल, धान उपार्जन केंद्र तरईगांव में अमानक पाए जाने पर 184 क्विंटल और पेंड्रा के व्यापारी रतनलाल गोयनका के गोदाम में अवैध रूप से भंडारित 60 क्विंटल धान शामिल है।

धान खरीदी के आखिरी दौर को देखते हुए अंतरराज्यीय सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एक हफ्ते के अंदर करीब एक हजार बोरी धान जब्त की जा चुकी है। बिचौलिए पड़ोसी राज्यों का धान प्रदेश में खपाने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा मध्य प्रदेश के अनूपपुर-डिंडौरी जिलों से लगती है। जहां कहने को तो चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, लेकिन धनौली, सिवनी, मरवाही सहित गौरेला और खोडरी में भी अवैध रूप से धान खपाने के मामले इस सीजन में सामने आ चुके हैं। यहां बड़े पैमाने पर धान की खरीदी हुई है। यहां मध्य प्रदेश से कम दरों पर धान लाकर बिचौलिए छत्तीसगढ़ के किसानों के नाम पर खपाने का काम कर रहे हैं। अब धान खरीदी के आखिरी दौर में जिला प्रशासन के द्वारा विशेष निगरानी बरतने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं, हालांकि अब तक कई किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से धान खपाए जा चुके हैं। जैसे-जैसे धान खरीदी का आखिरी समय आएगा, इसकी अफरा-तफरी और बढ़ने की संभावना है।