Latest:
Event More News

छत्तीसगढ़ का पहला उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के गृह नगर अंबिकापुर में ही नहीं,पूरे सरगुजा संभाग में खुशी की लहर…घोषणा सुनकर उनके समर्थक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चौक-चौराहों पर जमकर की आतिशबाजी,ढोल नगाड़ों के साथ मनाया जश्न…पढ़ें पूरी खबर

गजाधर पैकरा की रिपोर्ट

अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) वर्तमान भारत। प्रदेश के अंबिकापुर विधायक छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को राज्य का पहला उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर उनके गृह नगर अंबिकापुर में ही नहीं पूरे सरगुजा संभाग में खुशी की लहर है।कल रात जैसे ही कांग्रेस पार्टी ने उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा की उनके समर्थक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न चौक चौराहों पर जमकर आतिशबाजी की।

उनके निवास कोठी घर में उनके भतीजे व सरगुजा रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव की मौजूदगी में जमकर आतिशबाजी हुई और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।इस अवसर पर आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा संभाग के लोग तो उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते थे किंतु साढ़े चार साल बाद ही सही पर उन्हें जो सम्मान दिया गया है उसे सरगुजा के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरगुजा के विकास के लिए वे कृत संकल्पित है।

बतौर स्वास्थ्य मंत्री उन्होंने जो काम किया है उसकी पूरे देश में चर्चा में है।चुनाव से पहले पार्टी की ओर से दी गई यह जिम्मेदारी काफी बड़ी है। अब जिम्मेदारी और बढ़ गई है। कार्यकर्ता उत्साहित हैं। आगामी चुनाव में इसका असर भी दिखेगा। इस दौरान यहां मौजूद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि यह सरगुजा की जनता का सम्मान है।

सरगुजा क्षेत्र के मुखिया को उपमुख्यमंत्री बनाकर पार्टी ने काग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है ।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि लंबी प्रतीक्षा के बाद सरगुजा के कार्यकर्ताओं को उत्साहित होने का मौका मिला है। निश्चित रूप से टीएस बाबा का राजनीतिक कद बढ़ा है। इसका फायदा सरगुजा के विकास को मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को छत्तीसगढ़ का पहला उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का जश्न अभी भी मनाया जा रहा है। आज राजीव भवन में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रति आभार जताने के साथ आतिशबाजी की जाएगी। उधर युवक कांग्रेस सरगुजा ने नगर के घड़ी चौक पर जश्न मनाने की तैयारी की है। सरगुजा के साथ सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, चिरमिरी मनेंद्रगढ़ जिले में भी जश्न का माहौल है।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव अंबिकापुर के छोटे से नगरपालिका में बतौर अध्यक्ष निर्वाचित होकर राजनीति में कदम रखें थे। इसके बाद उन्होंने लगातार कांग्रेस के लिए काम किया। अविभाजित मध्य प्रदेश के दौरान भी उन्हें कई पदों पर जिम्मेदारी मिली थी।

छत्तीसगढ़ बनने के बाद अजीत जोगी के शासनकाल में उन्हें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था।इसके बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार चली गई। 15 साल भाजपा का शासन रहा।इस दौरान टीएस सिंहदेव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष का दायित्व निभा रहे थे। पहली बार उन्हें अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र का परिसीमन के बाद सामान्य सीट होने पर अंबिकापुर से चुनाव लड़ने का अवसर मिला और विधायक चुने गए।

पांच साल लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र में काम करने के कारण उन्हें दूसरी बार बड़े अंतर से वर्ष 2013 में चुनाव जीतने का अवसर मिला। दूसरी बार विधायक बनकर विधानसभा में पहुंचे टीएस सिंहदेव विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बनाए गए।लगातार पांच साल में नेता प्रतिपक्ष रहकर पूरे प्रदेश में चर्चा में आए।2018 के चुनाव में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली और उन्हें जन घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया।पूरे प्रदेश में हर वर्ग के लोगों के साथ बैठकर उन्होंने घोषणा पत्र तैयार किया गया था जिसका चुनाव में बड़ा असर था।

सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश में वे मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे थे किंतु स्वास्थ्य विभाग का दायित्व मिला। इस बीच अब छत्तीसगढ़ का उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है जिससे क्षेत्र की जनता की उम्मीदें बढ़ी हैं।