Event More News

जशपुर के तपकरा-पगुराबहार जंगल में मशरूम बिन रही महिलाओं पर हाथी का आक्रमण…जान बचाकर भागे महिला…एक की मौत दूसरे की अस्पताल में इलाज जारी…पढ़ें पूरी खबर

गजाधर पैकरा की रिपोर्ट

तपकरा/जशपुर (छत्तीसगढ़) वर्तमान भारत। जिले की तपकरा वन परिक्षेत्र के जंगल में मशरूम(खुंखड़ी) बीन रही दो महिलाओं का हाथी से सामना होने पर जान बचाकर भाग रही ग्रामीण महिला की मृत्यु हो गई। इस घटना में एक ग्रामीण घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए समीपस्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना जिले के तपकरा वन परिक्षेत्र के ग्राम पगुराबहार की है। जहां पर मृतिका गिरजा बाई (50 वर्ष) पति परमेश्वर और देवकी बाई (52 वर्ष) गुरूवार को गांव के पास स्थित जंगल गए हुए थे। इसी दौरान उसका सामना जंगल में डेरा जमाएं हुए हाथी से हो गया। सामने हाथी को देख कर दोनों महिलाओं ने भागने का प्रयास किया। काफी देर तक दोनों महिलाओं के जंगल से वापस ने आने पर उनके स्वजन और स्थानीय रहवासी जंगल में खोज के लिए निकले। बहुत देर तक खोजने के बाद दोनों महिलाएं अचेत अवस्था में मिली। दोनों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद गिरजा बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं देवमती बाई का उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के लिए बता दें कि झारखंड और ओडिशा के अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित तपकरा वन परिक्षेत्र में साल के 12 महीने हाथियों का डेरा बना रहता है। यहां के घने जंगल और पानी की उपलब्धता अतिकायों को खूब भाती है। हाथियों के बढ़ते हलचल के कारण इस वन परिक्षेत्र में जन और सम्पत्ति हानि का आंकड़ा साल दर साल बढ़ता जा रहा है। इसे नियंत्रित करने के लिए केन्द्र व राज्य सरकार के सहयोग से वन विभाग ने सोलर वायर फेसिंग, जीआई वायर फेसिंग, हाथी मित्र दल का गठन जैसे कई उपाय कर चुकी है। लेकिन विभाग को अब तक अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई है।

फिलहाल, हाथियों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वनविभाग के कर्मचारी इन दिनों हाथी प्रभावित क्षेत्र में बस्ती और इसके आसपास के क्षेत्र में स्थित कटहल को तोड़ कर फेंकने की अपील कर रहें हैं। विभाग का कहना है कि पक रहे कटहल की खुश्बू से हाथी मानव बस्ती की ओर आकर्षित होते हैं। इससे जनहानि और सम्पत्ति हानि की आशंका बनी रहती है।

बता दें कि,तपकरा वन परिक्षेत्र में इस समय सात हाथियों ने अलग अलग क्षेत्र में डेरा जमाया हुआ है। वन विभाग के अनुसार बुधवार 12 जुलाई की स्थिति में सिंगीबहार में 1,तपकरा में 1,बनगांव में 4,जमुना में 1,कंदईबहार में 1 हाथी जमा हुआ है। बीते 24 घंटे के अंदर हाथियों ने कंदईबहार में एक कच्चे मकान को क्षतिग्रस्त किया है।