Latest:
Event More Newslocal newsछत्तीसगढ़जानकारीविविध

JASHPUR Road Accident : अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई…चालक गंभीर रूप से घायल…मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर…पढ़ें पूरी खबर



जशपुरनगर :- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया है।

बता दें कि, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जरिया की है। जानकारी के अनुसार मनोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम खोंगा निवासी आहत नोरबट तिर्की निजी काम से बुधवार को शहर आया हुआ था। काम निबटाकर वापस खोंगा जाने के दौरान जरिया के पास उसकी बाइक बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना के बाद नोरबट घायल होकर सड़क में गिरा हुआ था। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे अधिवक्ता सूरज चौरसिया ने अपनी गाड़ी रोकी और दुर्घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा और कोतवाली पुलिस को दी। एंबुलेंस पहुंचने में हो रही देरी और घायल के सिर से लगातार हो रहे रक्त स्त्राव को देखते हुए अधिवक्ता सूरज चौरसिया ने अपने वाहन से घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

फिलहाल,  जिले की सड़कों में इन दिनों दुर्घटना में मृतक व आहतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते एक सप्ताह के दौरान जिले में दो बड़ी सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बीते वर्ष 2023 में जिले में हुए सड़क दुर्घटनाओं में 256 लोगों ने जान गंवाई थी और 179 लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसी तरह 2022 में 205 और 2021 में 221 लोगों की जानें जा चुकी है। उद्योगविहीन जशपुर जिले में मृतकों का यह आंकड़ा पुलिस व जिला प्रशासन के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। सड़क दुर्घटनाओं को थामने के लिए पुलिस प्रशासन इन दिनों वाहन की जांच और चालानी कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी चला रही है।