Latest:
स्वास्थ्य

गर्मियों मे इन चीजो का सेवन करने से शरीर मे होने वाली बिमारी से लड़ने में सहायक होता है

वर्तमान भारत

गर्मियों का यह मौसम लू-तेज धूप के कारण जहां सेहत के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो जाती है, वहीं इस मौसम में मिलने वाली कई फल-सब्जियों को बेहद पौष्टिक और स्वास्थवर्धक माना जाता है। इस मौसम में उपलब्ध ज्यादातर फलों में पानी की मात्रा अधिक होती है जो शरीर को हाइड्रेटेड रखने के साथ गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाते हैं। साथ ही ये कई प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं जिनका सेवन शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बहुत आवश्यक माना जाता है। इस मौसम में बहुतायत में मिलने वाला तरबूज ऐसा ही एक बहुत लाभदायक फल है जिसे अध्ययनों में सेहत के लिए कई नजरिए से बहुत फायदेमंद बताया जाता है।

तरबूज न सिर्फ स्वाद, बल्कि सेहत के लिहाज से भी कई तरह से आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें करीब 92 फीसदी की मात्रा में पानी मौजूद होता है। यह कैलोरी में कम होने के साथ फाइबर, विटामिन-ए और सी, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है, जिसकी हमारे शरीर को रोजाना आवश्यकता होती है। आइए तरबूज खाने से सेहत के होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

हृदय के लिए फायदेमंद

तरबूज में कई ऐसे पोषक तत्वों की मात्रा पाई जाती है जो हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में काफी सहायक है। हृदय रोग दुनियाभर में मौत का प्रमुख कारण हैं, अध्ययनों में तरबूज को इन रोगों से बचाव में कारगर बताया गया है।

शोध से पता चलता है कि तरबूज में लाइकोपीन नामक कैमिकल कंपाउंड पाया जाता है जो कोलेस्ट्रॉल और रक्तचाप को कम करने में मदद करता है। हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण होने वाली ऑक्सीडेटिव डैमेज को रोकने में भी इसे कारगर पाया गया है। तरबूज में साइट्रलाइन भी होता है, यह एक एमिनो एसिड जो आपके शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड के स्तर को बढ़ाता है। नाइट्रिक ऑक्साइड रक्त वाहिकाओं के विस्तार और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है, जिससे रक्तचाप कंट्रोल में रहता है।

पाचन को ठीक रखने में सहायक

तरबूज में भरपूर मात्रा में पानी और फाइबर होता है, ये दोनों ही स्वस्थ पाचन के लिए आवश्यक हैं। फाइबर आपकी आंतों को स्वस्थ रखने में मदद करता है, वहीं पानी पाचन तंत्र के माध्यम से अपशिष्टों को अधिक कुशलता से बाहर निकालने में सहायक है। 4,561 वयस्कों पर किए गए एक सर्वेक्षण में पाया गया कि कम मात्रा में तरल पदार्थ और फाइबर का सेवन करने वाले लोगों में कब्ज होने का खतरा अधिक होता है। गर्मियों में चूंकि स्वाभाविक तौर पर पाचन की समस्या बढ़ जाती है, ऐसे में तरबूज का नियमित सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

आंखों के लिए भी फायदेमंद

अध्ययनों में इस बात के भी संकेत मिलते हैं कि तरबूज में पाया जाने वाला यौगिक लाइकोपीन आपकी आंखों के लिए फायदेमंद हो सकता है। उम्र बढ़ने के साथ कई लोगों में एज रिलेटेड मैकुलर डीजनरेशन (एएमडी) का खतरा बढ़ जाता है। यह आंख की एक आम समस्या है जो वृद्ध लोगों में अंधेपन का कारण बन सकती है।

शोध में पाया गया है कि लाइकोपीन, एंटीऑक्सिडेंट और एंटी-इंफ्लामेटरी गुणों से युक्त होता है जो एएमडी को रोकने में मदद कर सकता है। इसके अलावा लाइकोपीन, आंखों की कोशिकाओं को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में भी काफी फायदेमंद है। इस तरह से तरबूज का सेवन आपकी आंखों के लिए काफी लाभदायक हो सकता है।