Latest:
local newsछत्तीसगढ़धर्मपर्व - त्यौहार

75 फिट लंबे तिरंगे को थाम कर 3 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए शहरवासी

वर्तमान भारत / जशपुर

जशपुरनगर – सोमवार को अगस्त क्रांति दिवस के दिन पूरा शहर वंदे मातरम और भारत माता की जयकारे से गूंज उठा। कलेक्टर रितेश अग्रवाल,विधायक विनय भगत और एसपी डी रविशंकर के नेतृत्व में शहरवासी हाथों में तिरंगा झंडा लेकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस यात्रा का आयोजन आजादी के 75 वें वर्षगांठ और अमृत महोत्सव के अवसर पर किया गया था। उद्देश्य था हर नागरिक के मन में राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाना। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के आदर्श बस स्टेण्ड से हुआ। यहां इस ऐतेहासिक यात्रा के लिए निर्धारित समय 1 बजे से पहले ही हाथों में तिरंगा झंडा लेकर स्कूली छात्र छात्राओं के साथ प्रशासनिक अधिकारी,कर्मचारियों,जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक एकजुट हो गए थे। इस तिरंगा यात्रा का आकर्षण का केन्द्र था 75 फिट लंबा तिरंगा झंडा। स्कूली छात्रों ने भारत माता की जय के गगनभेदी जयकारे के साथ तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में उत्साह के साथ इस तिरंगे का मान बढ़ाया। बस स्टेण्ड से रवाना होकर तिरंगा यात्रा महाराजा चैक होते हुए जय स्तंभ चैक पहुंची। जय स्तंभ चैक से सिटी कोतवाली,रणजीता स्टेडियम होते हुए, स्वामी आत्मानंद हिंदीं माध्यम स्कूल पहुंच कर यह यात्रा संपन्ना हुई। रैली में जशपुर विधायक विनय भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना लकड़ा, नगरपालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डी रविशंकर, जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जशपुर कैप्टन जेके चैधरी, आदिम जाति विभाग के सहायक आयुक्त बीके राजपूत, नगरपालिका अधिकारी श्री ज्योत्सना टोप्पो, सूरज चैरसिया, अजय गुप्ता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, आम नागरिक, विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए। विधायक विनय भगत ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए हर घर झण्डा अभियान को सफल बनाने के लिए गांव, कस्बों, शहरों के साथ हर घर में सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज फहरा कर अपनी सहभागिता निभाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण हम सुन्दर जशपुर में देशभक्ति की भावना जगाने के उद्देश्य से राज्य के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हर घर तिरंगा फहराने का लक्ष्‌य रखा गया है। जिससे पूरा करने के लिए सभी ने अपनी-अपनी सहभागिता निभाया। देश भक्ति की झलक और जज्बा लिए सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर पूर प्रदेश में हर घर झण्डा अभियान का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने 11 से 17 अगस्त तक सभी आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और ग्राम पंचायतों में भी अपने-अपने घरों मे झण्डा नियम का पालन करते हुए झण्डा फहराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आन्दोलन 08 अगस्त 1942 को शुरू हुआ था। स्वतंत्रता को लेकर शुरू हुए इस दिवस को हर घर तिरंगा अभियान के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए कहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि देश को ऊंचाई तक पहुंचाने सभी एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा शान से फहराएंगे, पूरे सम्मान के साथ फहराएं, हमर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं।