Latest:
Event More NewsPopular NewsRecent NewsTrending Newsछत्तीसगढ़जानकारीविविध

Weather of CG : छत्तीसगढ़ के 8 जिलों में गरज- चमक के साथ बारिश के आसार…ओलावृष्टि का भी अनुमान…पढ़ें पूरी खबर


रायपुर :- छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। वर्षा का दौर प्रदेश में फिर से प्रारंभ हो चुका है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार को बिलासपुर व सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं, जबकि एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि की भी संभावना है।

इसी बीच रायपुर में मौसम आंशिक मेघमय रहने के आसार हैं और गरज-चमक के साथ कुछ क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है।

हालांकि, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसकी वजह से अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं। रविवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। साथ ही कई क्षेत्रों में अंधड़ भी चली। रायगढ़ में दो सेमी, पुसौर और सहसपुर लोहारा में एक-एक सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में जबकि न्यूनतम तापमान दुर्ग में 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह बन रहा सिस्टम

जानकारी के मुताबिक, एक द्रोणिका पश्चिमी विदर्भ से उत्तर केरल तक मराठवाड़ा और अंदरूनी कर्नाटक होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पश्चिमी विक्षोभ 18 मार्च को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में प्रचूर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन लगातार जारी है। इसकी वजह से कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

पांच डिग्री तक गिरा अधिकतम तापमान

दरअसल, मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार अधिकतम तापमान औसत से सिर्फ राजनांदगांव में ही तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है, जबकि अन्य जगहों पर यह सामान्य से कम है। जगदलपुर में यह पांच डिग्री, बिलासपुर में चार डिग्री, दुर्ग, पेंड्रा, अंबिकापुर व रायपुर में यह एक डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है।

न्यूनतम तापमान कहीं ज्यादा कहीं कम

फिलहाल, इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी औसत से कहीं कम और कहीं ज्यादा चल रहा है। आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव व जगदलपुर में यह तीन डिग्री, अंबिकापुर व बिलासपुर में एक डिग्री ज्यादा है, जबकि दुर्ग में पांच डिग्री और पेंड्रा रोड में दो डिग्री सेल्सियस कम है।