Latest:
Popular NewsTrending Newsजानकारीराजनीतीविविध

लोकसभा सीट मथुरा से तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरेंगी हेमा मालिनी…जाने कैसा रहा है ‘ड्रीम गर्ल’ का सियासी सफर…पढ़ें पूरी खबर



Hema Malini Profile :- चुनाव आयोग (ECI) ने लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 7 चरणों में पूरा चुनाव होगा। 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां 20 मई, छठवां 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा।

वहीं, चुनाव परिणाम 4 जून 2024 को आएंगे। भाजपा ने चुनाव के लिए 267 तो वहीं, कांग्रेस ने 82 कैंडीडेट्स के नामों का ऐलान कर दिया है। ऐसे ही बीजेपी के स्टार कैंडीडेट्स की लिस्ट में हेमा मालिनी का नाम भी शामिल है। मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी उत्तर प्रदेश की मथुरा संसदीय सीट से बीजेपी की प्रत्याशी हैं।

फिलहाल, फिल्म अभिनेत्री से राजनीतिज्ञ बनीं हेमा मालिनी तीसरी बार लोकसभा पहुंचने के लिए चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने उन्हें मथुरा से उम्मीदवार बनाया है । सांसद ने खुद कई बार मथुरा से ही तीसरी बार भी लड़ने की इच्छा जताई थी। उन्होंने ये भी कहा था कि मथुरा से टिकट नहीं मिली तो वह कहीं और से चुनाव नहीं लड़ेंगी।

सफल अभिनेत्री से सांसद तक का सफर

ज्ञात हो, भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा सांसद हेमा मालिनी अभिनेत्री, लेखिका, फिल्म-निदेशक, नृत्यांगना और राजनेता हैं। इन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत राज कपूर के साथ फ़िल्म ‘सपनों का सौदागर’ से की थी। वे ‘ड्रीमगर्ल’ नाम से प्रसिद्ध हैं। 1981 में इन्होंने अभिनेता धर्मेंद्र से विवाह किया। हेमा मालिनी अब राजनीति के साथ-साथ भी फ़िल्मों में सक्रिय हैं। उनके पति धर्मेंद्र भी प्रख्‍यात अभिनेता के साथ ही भाजपा के लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।



राजनीति में पहला कदम

ज्ञात हो कि, राजनीति की तरफ हेमा मालिनी का पहला कदम 1999 में तब बढ़ा जब उन्हों ने पंजाब के गुरदासपुर में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व बॉलीवुड अभिनेता विनोद खन्ना के लिए प्रचार किया। फरवरी 2004 में, हेमा मालिनी आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गईं। 2003 से 2009 तक, उन्होंने भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा मनोनीत होने पर ऊपरी सदन – राज्यसभा में सांसद के रूप में कार्य किया।

उल्लेखनीय है कि, मार्च 2010 में हेमा मालिनी को भाजपा का महासचिव बनाया गया और फरवरी 2011 में, पार्टी महासचिव अनंत कुमार ने लोकसभा के लिए 2014 के आम चुनावों में उन्हें टिकट देने की सिफारिश की। उस समय हेमा मालिनी ने मथुरा के मौजूदा सांसद, जयंत चौधरी (आरएलडी) को 3,30,743 वोटों से हराया था।

लोकसभा चुनाव 2019 में कैसा रहा हेमा मालिनी का प्रदर्शन

बता दें कि, पिछले लोकसभा चुनाव में हेमा मालिनी ने आरएलडी के कुंवर नरेंद्र सिंह को लगभग 2.94 लाख वोटों के मार्जिन से हराया था। लोकसभा चुनाव 2019 में हेमा को जहां 6.71 लाख वोट मिले थे, वहीं, कुंवर नरेंद्र को 3.77 लाख मतों से संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस के महेश पाठक को इस सीट पर 28, 804 मत मिले थे।

लोकसभा चुनाव 2014 में हेमा मालिनी का प्रदर्शन

दरअसल, साल 2014 के लोकसभा चुनाव में हेमा मालिनी ने मथुरा सीट से RLD उम्मीदवार जयंत चौधरी को 3 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। हेमा मालिनी को जहां 5.74 लाख वोट मिले थे वहीं, जयंत को 2.43 लाख वोटों से संतोष करना पड़ा था। इस सीट पर तीसरे स्थान पर बसपा के पंडित योगेश कुमार द्विवेदी थे जिन्हें 1.73 लाख वोट मिले थे।

अवॉर्ड और उपलब्धियां

फिलहाल, हेमा मालिनी को 2000 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था, जो भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। साल 2012 में, सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय ने मालिनी को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के सम्मान में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया। हेमा मालिनी ने राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।