Latest:
Event More News

अब गोबर को बनाया जाएगा प्राकृतिक पेंट…शासकीय भवनों कि रंग-रोगन में अब करें गोबर पेंट का उपयोग…नहीं तो होगी कार्यवाही…सीएम भूपेश बघेल

रायपुर । वर्तमान भारत।

गजाधर पैकरा की रिपोर्ट

रायपुर। वर्तमान भारत। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने शासकीय विभागों, निगम मंडल एवं स्थानीय निकायों में रंग- रोगन के काम के लिए गोबर पेंट के उपयोग को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा निर्देशों का उल्लंघन करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी।
पूर्व में जारी किए गए निर्देशों के बावजूद अभी भी निर्माण विभाग द्वारा केमिकल पेंट का इस्तेमाल किए जाने पर नाराजगी जताई।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा गोबर पेंट का इस्तेमाल ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगा।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में क्रय किए जा रहे गोबर से प्राकृतिक पेंट (रंग) का निर्माण किए जाने की योजना है। इसका उद्देश्य केमिकल पेंट के स्थान पर लोगों को कम कीमत में प्राकृतिक पेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही गौठानों और महिला समूह को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा गांवों में युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गोधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए गांव में गौठानों का निर्माण कराया गया है। गौठानों में गोधन न्याय योजना के तहत 2 रुपए किलो में गोबर की खरीदी की जा रही है। जिससे वर्मी कंपोस्ट, सुपर कंपोस्ट, खाद का निर्माण करने के साथ ही महिला समूह गोबर से अन्य उत्पाद निर्माण कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य में गोबर से विद्युत उत्पादन की परियोजना की भी शुरुआत हो चुकी है। अब गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाया जाएगा।

सीएम बघेल की विशेष पहल पर प्राकृतिक पेंट के निर्माण की विस्तृत कार्य योजना कृषि विभाग द्वारा तैयार की गई है। प्रथम चरण में राज्य के 75 गौठानों का भी चयन प्राकृतिक पेंट के निर्माण की ईकाई की स्थापना के लिए किया गया है। चयनित गौठानों में प्राकृतिक पेंट निर्माण सह कार्बोक्सी मिथाइल सैल्युलोज निर्माण की ईकाई की स्थापना की जाएगी।

प्राकृतिक पेंट निर्माण की तकनीक कुमाराप्पा नेशनल पेपर इंस्टीट्यूट जयपुर, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा विकसित की गई है। प्राकृतिक पेंट का मुख्य घटक कार्बोक्सी मिथाइल सैल्युलोज (सीएमसी) होता है।